दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। बरसात के मौसम में ग्राम पंचायतों में जलभराव और ओवरफ्लो तालाबों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) फतेहाबाद अरुण कुमार ने बुधवार को ग्राम पंचायत सचिवों की बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने सभी सचिवों को अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों का स्थलीय निरीक्षण कर जलभराव वाले स्थानों और ओवरफ्लो तालाबों को चिह्नित करने तथा तीन दिन के भीतर प्रभावी जलनिकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी को विभिन्न गांवों से तालाबों के ओवरफ्लो होने, सड़कों और गलियों में पानी भरने तथा विद्यार्थियों और ग्रामीणों के आवागमन में बाधा की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। जलभराव के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बनी हुई है।
बीडीओ ने निर्देश दिए कि तालाबों में जाल लगाकर जलकुंभी, घास, कचरा और पॉलीथिन हटाई जाए। इसके साथ ही जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कर गांवों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। एंटी लार्वा दवा का छिड़काव और फॉगिंग भी अनिवार्य रूप से कराई जाए।
उन्होंने सभी सचिवों से तीन दिन के भीतर कार्रवाई पूरी कर फोटोग्राफ सहित रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बीडीओ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एडीओ पंचायत नरेंद्र पाल सिंह, एडीओ ग्राम्य विकास एमपी सिंह और सचिव मौजूद रहे।





















