दैनिक जिला नगर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। लगातार हो रही बारिश के चलते क्षेत्र की नगरचंद गौशाला जलमग्न हो गई है। आसपास के खेतों से बारिश का पानी गौशाला में भर जाने से गोवंशों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गौशाला परिसर में पर पानी भर जाने से गोवंशों के खड़े रहने और चारे की व्यवस्था प्रभावित हो गई।
स्थिति को देखते हुए बुधवार सुबह से प्रशासन और संबंधित कर्मचारियों ने पंपसेट लगाकर गौशाला से पानी निकासी का कार्य शुरू कराया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड की ओर जमा पानी भी लगातार निकाला जा रहा है, ताकि जलभराव कम हो सके और गौशाला में सामान्य व्यवस्था बहाल हो सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि खेतों का बरसाती पानी सीधे गौशाला में पहुंचने से हर वर्ष ऐसी समस्या उत्पन्न होती है। उन्होंने स्थायी जल निकासी व्यवस्था कराने की मांग की है, जिससे भविष्य में गोवंशों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके। प्रशासन का कहना है कि पानी निकासी का कार्य तेजी से कराया जा रहा है और जल्द ही स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।





















