अतरौली /अलीगढ । कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय (केजीबीवी) अतरौली, अलीगढ़ की छात्राओं ने बुधवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा का शैक्षिक भ्रमण कर लोकतांत्रिक व्यवस्था की कार्यप्रणाली को निकट से समझा। छात्राओं ने विधानसभा भवन का भ्रमण करते हुए सदन की कार्यवाही, विधायी प्रक्रिया और जनप्रतिनिधियों की भूमिका की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान छात्राओं ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मुलाकात की। उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए शिक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला तथा उन्हें बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर अतरौली विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और उनके साथ यादगार पल साझा किए। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने, जीवन में नए आयाम स्थापित करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यावहारिक शैक्षणिक भ्रमण छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, संवैधानिक मूल्यों, सुशासन और लोकतांत्रिक चेतना का विकास करते हैं तथा उन्हें भविष्य के जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।





















