दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहाबाद की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) प्रतिभा सिंह एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मरीजों की सुविधा बढ़ाने और प्रस्तावित निर्माण कार्यों को जल्द गति देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने ऑपरेशन थिएटर (ओटी), औषधि वितरण कक्ष, लेबर रूम तथा पैथोलॉजी लैब का बारीकी से निरीक्षण किया। लैब में प्रतिदिन होने वाली जांचों की जानकारी लेने पर कर्मचारियों ने बताया कि रोजाना करीब 40 मरीजों की विभिन्न प्रकार की जांचें की जाती हैं, जबकि लगभग 15 संदिग्ध मरीजों की टीबी जांच भी नियमित रूप से होती है। इस व्यवस्था पर सीडीओ ने संतोष जताते हुए जांच सेवाओं को निरंतर बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

अस्पताल परिसर में मरीजों एवं तीमारदारों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने पर सीडीओ ने सीएमओ को अतिरिक्त बेंच लगवाने के निर्देश दिए। इसके बाद अधिकारियों ने सीएचसी परिसर में प्रस्तावित मुख्य प्रवेश द्वार के निकट बनने वाले इमरजेंसी वार्ड, लेबर रूम, मरीजों के प्रतीक्षालय, सुलभ शौचालय तथा लेबर रूम तक पहुंचने के लिए प्रस्तावित एप्रोच मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की रूपरेखा पर चर्चा की।
सीएमओ डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि फतेहाबाद और खेरागढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र काफी पुराने भवन हैं। जिलाधिकारी एवं सीडीओ के प्रयासों से इन अस्पतालों का आधुनिकीकरण कर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. अभिषेक चौहान सहित चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।





















