दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मंगलवार दोपहर करीब एक बजे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अस्पताल के रैंप की छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा। गनीमत रही कि घटना के समय वहां न तो कोई मरीज मौजूद था और न ही कोई तीमारदार, अन्यथा गंभीर हादसा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज आवाज के साथ छत का प्लास्टर नीचे गिरा, जिससे कुछ देर के लिए अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कर्मचारियों ने तत्काल उस हिस्से को खाली कराकर लोगों की आवाजाही रोक दी। बताया जाता है कि इससे पहले भी इसी स्थान का लेंटर और प्लास्टर गिर चुका है, जिससे भवन की स्थिति पर सवाल उठने लगे हैं।
घटना के बाद सीएचसी अधीक्षक डॉ. अभिषेक चौहान ने रैंप की ओर जाने वाले रेलिंग गेट पर ताला लगवा दिया है, ताकि कोई भी व्यक्ति उस हिस्से में न जा सके। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र को पूरी तरह बंद कर दिया गया है और भवन की मरम्मत के लिए संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।
अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों ने जर्जर हिस्से की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका न रहे।





















