
मथुरा। ब्रज प्रेस क्लब ने फर्जी पत्रकारों तथा अवैध रूप से “प्रेस” लिखे वाहनों के खिलाफ ब्रज क्षेत्र में विशेष अभियान चलाने की मांग करते हुए जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। क्लब अध्यक्ष डॉ. कमलकांत उपमन्यु एडवोकेट ने बताया कि दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा प्रेस की स्वतंत्रता और उसकी जवाबदेही पर की गई हालिया टिप्पणी के बाद जुलाई के अंतिम सप्ताह से जनजागरूकता एवं सत्यापन अभियान शुरू किया जाएगा।ज्ञापन में कहा गया है कि आजकल बिना किसी पत्रकारिता प्रशिक्षण या वैध पहचान के कई लोग स्वयं को पत्रकार बताकर अवैध वसूली, दबाव बनाने और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त हैं। इससे वास्तविक पत्रकारों की छवि धूमिल हो रही है और पत्रकारिता की विश्वसनीयता प्रभावित हो रही है।ब्रज प्रेस क्लब ने प्रशासन से प्रेस लिखे वाहनों की सघन जांच कराने, पत्रकारों के पहचान पत्रों का सत्यापन कराने तथा फर्जी पत्रकारों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है। क्लब का कहना है कि यह अभियान किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने और ब्रज क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया जाएगा।डॉ. उपमन्यु ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े सभी जिम्मेदार पत्रकारों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील भी की है।





















