इगलास पुलिस की ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई
अलीगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अलीगढ़ के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत इगलास पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत बकरी चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को 16 जुलाई 2026 की रात करीब 11:30 बजे डबल नहर क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस के द्वारा जानकारी देते हुए बताया थाना इगलास में मु.अ.सं. 350/2026 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत दर्ज मुकदमे में कार्रवाई करते हुए अमन पुत्र विजय (23 वर्ष), राहुल पुत्र तेज (22 वर्ष) और विकास पुत्र नरेश (22 वर्ष) निवासी थाना गांधी पार्क क्षेत्र, अलीगढ़ को गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों का न्यायालय में चालान कर दिया गया है।
यह घटना 16 जुलाई को हुई थी, जब हाबूड़ा मोहल्ला, कस्बा इगलास निवासी होलू पुत्र अमर सिंह ने अपनी बकरी चोरी होने की रिपोर्ट थाना इगलास में दर्ज कराई थी। पुलिस ने तत्परता से जांच करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार तीनों आरोपी पहले भी चोरी, एनडीपीएस, मारपीट और अन्य गंभीर मामलों में जेल जा चुके हैं। आरोपी अमन के विरुद्ध चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि राहुल पर एनडीपीएस एक्ट सहित आधा दर्जन से अधिक मुकदमे और विकास पर मारपीट व चोरी के कई मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अजीत कुमार, उपनिरीक्षक ध्यानपाल सिंह, हेड कांस्टेबल जबर सिंह, कांस्टेबल हरिओम चाहर, आरक्षी अंकित एवं विक्रांत शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।





















