इगलास। थाना इगलास के नवागत कोतवाल राजीव वर्मा ने शुक्रवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के पहले ही दिन उन्होंने थाना स्टाफ के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराध नियंत्रण तथा आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण करने के निर्देश दिए।
कोतवाल राजीव वर्मा ने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, जबकि फरियादियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने पुलिसकर्मियों को संवेदनशील और जनहितकारी पुलिसिंग अपनाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से पुलिस का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।





















