दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना क्षेत्र के ग्राम नदिया का पूरा में जमीन विवाद ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। यहां एक कलयुगी बेटे ने मामूली जमीन विवाद के चलते अपने ही मां-बाप की जमकर पिटाई कर दी। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार नदिया का पूरा निवासी जसवंत सिंह पुत्र भत्ता सिंह और उनकी पत्नी सदा कुमारी का अपने बेटे से जमीन को लेकर विवाद हो गया मंगलवार शाम करीब 6:00 बजे विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे ने गुस्से में आकर अपने पिता जसवंत सिंह और मां सदा कुमारी के साथ मारपीट कर दी। मारपीट में दोनों को चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलने परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने बुधवार को दोनों घायलों को उपचार के लिए फतेहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। पीड़ित जसवंत सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बेटे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।





















