दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। प्राथमिक विद्यालय छोटी बसई में बुधवार दोपहर इंटरवल के दौरान खेल रहे पहली कक्षा के छात्र को सांप ने काट लिया। घटना के बाद विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई।
शिक्षकों ने तत्काल बच्चे के परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहाबाद ले जाया गया। छोटी बसई निवासी भूरी सिंह का पुत्र शिवा, जो विद्यालय में कक्षा एक का छात्र है, बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे इंटरवल के दौरान अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान अचानक सांप ने उसे काट लिया।
बच्चे के रोने पर शिक्षक मौके पर पहुंचे और तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन आनन-फानन में शिवा को सीएचसी फतेहाबाद लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। फिलहाल बच्चे का इलाज जारी है।
घटना के बाद विद्यालय परिसर में दहशत का माहौल है। अभिभावकों ने विद्यालय परिसर की नियमित साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई और विषैले जीव-जंतुओं से सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।





















