मथुरा। आगामी मुड़िया पूनो मेले को लेकर नागरिक सुरक्षा संगठन मथुरा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को नागरिक सुरक्षा कार्यालय, कलेक्ट्रेट मथुरा में संगठन के पदाधिकारियों एवं वार्डनों की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के दौरान नागरिक सुरक्षा व्यवस्था और स्वयंसेवकों की भूमिका को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में डिवीजनल वार्डन, डिप्टी डिवीजनल वार्डन, स्टाफ ऑफिसर, आईसीओ तथा पोस्ट वार्डनों ने प्रतिभाग किया। अधिकारियों ने मुड़िया पूनो मेले में आने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नागरिक सुरक्षा कोर की तैयारियों और ड्यूटी व्यवस्था पर चर्चा की।

बैठक के दौरान वार्डनों को मेले में भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सहायता, आपात स्थिति में प्रशासन के साथ समन्वय तथा निर्धारित स्थानों पर मुस्तैदी से ड्यूटी करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पदाधिकारियों से अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए प्रशासनिक व्यवस्था में सहयोग करने को कहा गया।
नागरिक सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि मुड़िया पूनो मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। बैठक में मेले को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया।






















