हाथरस। थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने थाना हाथरस गेट पहुंचकर फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन किया जाए और शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
डीएम ने विशेष रूप से भूमि संबंधी विवादों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष जांच करने तथा जांच के उपरांत नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने भी अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता बनाए रखते हुए फरियादियों को समयबद्ध न्याय दिलाया जाए, जिससे जनता का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।





















