अलीगढ़, । जिले में 12 जुलाई को आयोजित होने वाले “एक पेड़ माँ के नाम” वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत 43,23,100 पौधे लगाने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने वर्चुअल समीक्षा बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि 9 व 10 जुलाई तक पौधों का उठान हर हाल में पूरा कराया जाए तथा अभियान की प्रगति निर्धारित ऐप पर समयबद्ध तरीके से अपलोड की जाए।
हालांकि, नए वृक्षारोपण अभियान से पहले पूर्व वर्षों के वृक्षारोपण की जांच रिपोर्ट ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आधिकारिक जांच में कई स्थानों पर लगाए गए पौधों के मुकाबले जीवित पौधों की संख्या बेहद कम पाई गई। रिपोर्ट के अनुसार हजारों पौधों के रोपण के दावों के बावजूद कई स्थलों पर केवल कुछ सौ या उससे भी कम पौधे जीवित मिले।
जांच रिपोर्ट ने वृक्षारोपण की गुणवत्ता, पौधों के रखरखाव और सरकारी धन के प्रभावी उपयोग को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में 43.23 लाख पौधे लगाने के नए लक्ष्य के बीच यह मांग भी उठ रही है कि पूर्व वर्षों की जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि कहीं अनियमितता या लापरवाही पाई गई है तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाए।
अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि इस बार वृक्षारोपण अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित न रह जाए, बल्कि उनकी नियमित देखभाल, संरक्षण और जीवित रहने की दर सुनिश्चित करने के लिए भी प्रभावी व्यवस्था की जाए, ताकि अभियान का वास्तविक उद्देश्य पूरा हो सके।





















