इगलास (अलीगढ़)। तहसील क्षेत्र के गोरई में यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निर्माणाधीन नए बस स्टैंड का कार्य तेजी से चल रहा है। शुक्रवार को इगलास के उपजिलाधिकारी पारितोष मिश्रा ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ गोरई थाने के सामने बन रहे नए बस स्टैंड का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाए तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।
अधिकारियों ने एसडीएम को निर्माण कार्य की प्रगति से अवगत कराया। एसडीएम ने कहा कि बस स्टैंड के निर्माण से गोरई एवं आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलेंगी और आवागमन अधिक सुगम होगा।





















