दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। आगामी मुहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजिया जुलूस को सकुशल संपन्न कराने के लिए विद्युत विभाग और पुलिस प्रशासन ने जुलूस मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्युत विभाग के जेई दीपक कुमार और कस्बा इंचार्ज सुमित कुमार ने संयुक्त रूप से विभिन्न मार्गों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जहां-जहां बिजली के तार नीचे लटके मिले, वहां उन्हें ऊंचा कराने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को जुलूस से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए कहा।
टीम ने कस्बा स्थित मदरसा, परिहार मोहल्ला, पठान मोहल्ला, बाह रोड, गांधी चौक, सदर बाजार, अंबेडकर चौक, रोडवेज बस स्टैंड तथा आगरा रोड सहित ताजिया जुलूस के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने बताया कि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए सुरक्षा और विद्युत व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जा रहा है।





















