दैनिक जिला नज़र संवाददाता
फतेहपुर सीकरी/आगरा। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त) डॉ. बबीता सिंह चौहान ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर सीकरी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, महिला एवं प्रसूति वार्ड, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा साफ-सफाई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. चौहान ने अस्पताल में भर्ती महिलाओं एवं उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली सुविधाओं, टीकाकरण, पोषण कार्यक्रमों तथा जननी सुरक्षा योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। साथ ही चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके उपरांत महिला आयोग अध्यक्ष ने सीएचसी परिसर में आयोजित ‘गोद भराई, अन्नप्राशन एवं कन्या जन्मोत्सव’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर उन्हें पौष्टिक आहार एवं नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक किया। नवजात कन्याओं के जन्म पर परिजनों को शुभकामनाएं देते हुए बेटियों की शिक्षा एवं सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया।
डॉ. बबीता सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है तथा महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं उन्होंने कहा कि बेटियां समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए सभी को सकारात्मक सोच अपनानी चाहिए।
इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजकमल, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सीकरी थाना प्रभारी आनंद वीर सिंह कस्बा चौकी प्रभारी प्रमोद यादव,कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष ओम कांत डागुर, भाजपा नेता पवन इंदोलिया, जिला प्रतिनिधि प्रधान गिरीश कुशवाहा, प्रधान भूपेंद्र सिंह जादौन, महामंत्री सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं नागरिक मौजूद रहे।





















