हाथरस। शहर के अशोका टॉकीज के पास स्थित एक निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। दूसरी मंजिल से गिरने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के छोटा अय्यापुर निवासी जगदीश (35) निर्माणाधीन मकान की छत का पटाव करने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह दूसरी मंजिल से नीचे गिर पड़े। बताया जा रहा है कि गिरते समय उनके ऊपर पत्थर भी आ गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मृतक जगदीश अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मोहल्ले में शोक का माहौल है।





















