दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के ग्राम तांसपुरा में जमीन पर कब्जे को लेकर रविवार सुबह करीब 10 बजे विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट की घटना हो गई, जिसमें पति-पत्नी घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तांसपुरा निवासी सुनील उपाध्याय पुत्र श्री भगवान एवं उनकी पत्नी शशि शर्मा पत्नी सुनील उपाध्याय मारपीट में घायल हो गए।
घायल सुनील उपाध्याय ने आरोप लगाया कि कुछ पड़ोसी दबंग लोग उनकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उनके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी शशि शर्मा को भी मारपीट का शिकार होना पड़ा।

घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और घायलों को चिकित्सकीय परीक्षण एवं उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद भिजवाया।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





















