दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर यूपीडा की पेट्रोलिंग टीम की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया।
किलोमीटर 13 पर राजगढ़, राजस्थान से कोलकाता जा रहे ट्रक नंबर RJ02GB7886 के पहियों से अचानक धुआं निकलने लगा। पेट्रोलिंग कर रही यूपीडा 6 की टीम ने इसे तुरंत भांप लिया और ट्रक रुकवाया।
पेट्रोलिंग गार्ड्स, जो सभी भूतपूर्व सैनिक हैं, ने तुरंत अपनी गाड़ी से अग्निशमन यंत्र निकालकर धुआं निकल रहे पहियों में आग लगने से पहले ही काबू पा लिया। चालक चाहूं सिंह ने बताया कि अगर समय पर मदद न मिलती तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
इस सराहनीय कार्य में यूपीडा 6 के चालक सुमित शर्मा और भूतपूर्व सैनिक संदीप सिंह राठौर, बनवारी लाल, करन सिंह व समुन्दर सिंह की सतर्कता और साहस की सराहना की जा रही है।
यूपीडा सुरक्षा अधिकारी प्रथम राधामोहन द्विवेदी ने टीम की तत्परता और कार्यकुशलता की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसी मुस्तैदी से ही एक्सप्रेसवे पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो पाती है।





















