महारजिस्ट्रार कार्यालय के ऑब्जर्वर ने जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
इगलास/अलीगढ़। जनगणना-2027 के तहत चल रहे कार्यों का भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त, गृह मंत्रालय नई दिल्ली द्वारा नामित ऑब्जर्वर ने तहसील इगलास में निरीक्षण कर जमीनी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान ऑब्जर्वर गोपाल अग्रवाल, डिप्टी डायरेक्टर जनगणना एवं तहसीलदार सतीश कुमार बघेल ने तहसील इगलास के ग्राम लधोली, भैया, बल्कन नगरिया तथा नगर पंचायत इगलास का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सुपरवाइजर, प्रगणकों और जनगणना सहायकों से वार्ता कर जनगणना कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए। निरीक्षण के दौरान जनगणना कार्यों की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने सटीक आंकड़ों और प्रभावी कार्यप्रणाली पर विशेष जोर दिया।





















