न्यायिक व्यवस्था और विधिक सेवाओं का मिलेगा व्यावहारिक अनुभव
अलीगढ़। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) अलीगढ़ द्वारा विधि के छात्र-छात्राओं के लिए ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में संचालित किया जा रहा है। पूर्णकालिक सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अलीगढ़ सुश्री साक्षी गर्ग ने बताया कि जिले के विभिन्न विधि महाविद्यालयों में अध्ययनरत इच्छुक छात्र-छात्राएं इस इंटर्नशिप कार्यक्रम में भाग लेकर न्यायिक व्यवस्था, विधिक सहायता योजनाओं तथा आमजन को उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सेवाओं की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त कर सकते हैं।उन्होंने बताया कि इच्छुक विद्यार्थी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलीगढ़ में आवेदन कर इस कार्यक्रम का लाभ उठा सकते हैं। इंटर्नशिप के दौरान छात्रों को विधिक जागरूकता कार्यक्रमों, लोक अदालतों, निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं तथा न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। सुश्री साक्षी गर्ग ने जिले के सभी पात्र एवं इच्छुक विधि छात्र-छात्राओं से अधिक से अधिक संख्या में इस कार्यक्रम में सहभागिता कर अपने विधिक ज्ञान एवं व्यावहारिक अनुभव को समृद्ध करने की अपील की है।





















