राज्य स्तरीय ओरिएंटेशन बैठक में आपदा प्रबंधन रणनीतियों की समीक्षा
अलीगढ़। बाढ़ आपदा के दौरान जन-धन की हानि को न्यूनतम करने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित राज्य स्तरीय ओरिएंटेशन एवं कोऑर्डिनेशन कॉन्फ्रेंस-2026 में जिले के अधिकारियों और संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) एवं उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशन में किया गया। वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी प्रमुख विभागों और एजेंसियों के अधिकारियों को एक मंच पर लाकर बाढ़ आपदा प्रबंधन की रणनीतियों, तैयारियों और समन्वय तंत्र की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि हाल के वर्षों में विभिन्न राज्यों और जिलों में आई आपदाओं से सीख लेते हुए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे बाढ़ की स्थिति में त्वरित एवं समन्वित राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित किए जा सकें। बैठक में बाढ़ चौकियों की स्थापना, स्थायी चिकित्सालयों और राहत केंद्रों की पहचान एवं सुदृढ़ीकरण, संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के अस्पतालों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा मॉक एक्सरसाइज में प्रशिक्षित कार्मिकों और स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही राहत एवं बचाव उपकरणों के वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। अपर जिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि राज्य स्तरीय कार्यक्रम के तहत 9 जून को टेबल टॉप एक्सरसाइज और 11 जून को जिले में ग्राउंड आधारित मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य बाढ़ जैसी आपात परिस्थितियों में विभिन्न विभागों की तैयारियों, संसाधनों की उपलब्धता और आपसी समन्वय का परीक्षण करना है, ताकि किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। वर्चुअल बैठक में बाढ़ नियंत्रण एवं मॉक एक्सरसाइज से संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।





















