जिला नजर संवाददाता
अलीगढ़। युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 23 मई को प्रातः 10 बजे से एक विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।
यह रोजगार मेला क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय मॉडल कैरियर सेंटर, राजकीय आईटीआई एवं गगन कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के संयुक्त तत्वावधान में आगरा रोड स्थित गगन कॉलेज परिसर में आयोजित किया जाएगा।
सहायक निदेशक सेवायोजन अलीगढ़ मंडल पीपीसी शर्मा ने बताया कि रोजगार मेले में लगभग 30 प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी, जिनके माध्यम से विभिन्न पदों पर युवाओं का चयन किया जाएगा।
प्रमुख प्रतिभागी कंपनियों में विज़न इंडिया सर्विस, टाटा स्ट्राइव स्किल डेवलपमेंट सेंटर, पेटीएम, ई एफ एस प्राईवेट लिमिटेड एवं इंडिया स्टील प्राइवेट लिमिटेड सहित अन्य कंपनियां शामिल रहेंगी।
मेले में मार्केटिंग, अकाउंटेंट, प्रोडक्शन एसोसिएट, कंप्यूटर ऑपरेटर, सेल्स, वेलनेस एडवाइजर, सुपरवाइजर, स्टोर इंचार्ज, पैकिंग इंचार्ज एवं टेलीकॉलर समेत विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।
इन पदों के लिए हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, बीटेक, बीबीए एवं एमबीए उत्तीर्ण अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in तथा ncs.gov.in पर अनिवार्य रूप से ऑनलाइन पंजीकरण करा लें। केवल पोर्टल पर पंजीकृत अभ्यर्थियों को ही रोजगार मेले में प्रतिभाग करने की अनुमति होगी।
अभ्यर्थियों को अपने साथ पंजीयन कार्ड (एक्स-10), सभी शैक्षिक प्रमाणपत्रों की मूल एवं छायाप्रति, फोटो आईडी, दो पासपोर्ट साइज फोटो तथा अद्यतन रिज्यूमे लेकर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। रिक्तियों का विस्तृत विवरण सेवायोजन पोर्टल पर उपलब्ध है।





















