दैनिक जिला नज़र संवाददाता
अलीगढ़: जिले में अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को गुणवत्तापूर्ण कंप्यूटर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ओ-लेबल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण संचालित करने के लिए इच्छुक संस्थाओं से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सुनहरी लाल ने बताया कि निदेशक, पिछड़ा वर्ग कल्याण, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में शासनादेश 27 फरवरी 2018 के तहत भारत सरकार से अधिकृत संस्था ‘निलिट’ से मान्यता प्राप्त जिला स्तर पर कार्यरत संस्थाएं आवेदन कर सकती हैं।
उन्होंने बताया कि इच्छुक संस्थाएं backwardwelfare.up.nic.in पर उपलब्ध लिंक एवं obccomputertraining.upsdc.gov.in के माध्यम से 03 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
ऑनलाइन आवेदन के उपरांत आवेदन पत्र का प्रिंट आउट एवं समस्त आवश्यक अभिलेखों सहित हार्डकॉपी 03 जून को सायं 5 बजे तक जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, अलीगढ़ में जमा कराना अनिवार्य होगा। निर्धारित अवधि के बाद प्राप्त अथवा अपूर्ण आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि योजना से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश एवं समय-सारणी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, अलीगढ़ में संपर्क किया जा सकता है।





















