जिला नजर ब्यूरोचीफ संजय भारद्वाज
अलीगढ़। जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी के खिलाफ चल रहे अभियान में बन्नादेवी क्षेत्र में बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़ किया और आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम में मुकदमा दर्ज कराया गया।
सराय रहमान में चला छापा

जिला पूर्ति अधिकारी सत्यवीर सिंह के निर्देशन में पूर्ति निरीक्षक मनोज कुमार शर्मा, कृष्णवीर सिंह, रामदेव सिंह, विनोद कुमार शर्मा, पूर्ति लिपिक एवं थाना बन्नादेवी पुलिस बल की संयुक्त टीम ने मौहल्ला सराय रहमान स्थित सिया वाली मस्जिद के पास अजीम पुत्र हबीब की दुकान पर छापा मारा।
ये सामान हुआ बरामद
छापे के दौरान मौके से कुल 11 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए। इनमें 7 एचपी, 2 बीपीसीएल और 2 इंडेन कंपनी के सिलेंडर शामिल हैं। इनमें 3 भरे एवं 8 खाली सिलेंडर पाए गए। इसके अलावा 5 किलो क्षमता वाले 6 निजी खाली सिलेंडर, एक इलेक्ट्रॉनिक मशीन और गैस रिफिलिंग पाइप भी बरामद किया गया।
120 रुपये किलो बेचता था गैस
पूछताछ में आरोपी अजीम ने स्वीकार किया कि वह बड़े घरेलू सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करता था। वह घरेलू सिलेंडर करीब 1500 रुपये में खरीदकर छोटे सिलेंडरों में 120 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से गैस भरकर बेचता था।
बरामद सामान को श्रीनाथ इंडेन गैस सर्विस के सुपुर्द कर दिया गया है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 की धारा 3/7 के तहत थाना बन्नादेवी में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
अब तक 66 सिलेंडर जब्त, 6 पर केस
जिला पूर्ति अधिकारी सत्यवीर सिंह ने बताया कि जिले में अवैध गैस कारोबार के खिलाफ सघन अभियान चल रहा है। अब तक की कार्रवाई में कुल 66 घरेलू एवं कॉमर्शियल सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं और 6 व्यक्तियों के विरुद्ध 4 प्राथमिकी दर्ज कराई जा चुकी हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि एलपीजी गैस के अवैध भंडारण, कालाबाजारी या रिफिलिंग में लिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।





















