दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। निबोहरा क्षेत्र के गांव नाथूपुर में इन दिनों धार्मिक आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिल रहा है। यहां प्रेमदास महाराज भीषण गर्मी के बीच कठिन तपस्या में लीन हैं।
लगभग 45 डिग्री तापमान होने के बावजूद बाबा अटूट श्रद्धा और साधना के साथ तप कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार प्रेमदास महाराज गंगा दशहरा तक इसी प्रकार तपस्या करते रहेंगे।
बाबा की तपस्या को देखने और आशीर्वाद लेने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। सुबह और शाम के समय तप स्थल पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है। श्रद्धालु भजन-कीर्तन कर भगवान का गुणगान करते हैं, जिससे पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ दिखाई दे रहा है।
ग्रामीण मधरूप सिंह और विजेंद्र सिंह ने बताया कि बाबा पिछले कई दिनों से तपस्या कर रहे हैं और क्षेत्र के लोगों की आस्था लगातार बढ़ती जा रही है। दूर-दराज के गांवों से भी लोग बाबा के दर्शन करने पहुंच रहे हैं।
बुधवार को ग्रामीणों द्वारा प्रेमदास महाराज का विशेष सम्मान किया गया। श्रद्धालुओं ने बाबा पर पुष्प वर्षा कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
तप स्थल पर शांति और भक्ति का माहौल बना हुआ है। लोगों का मानना है कि बाबा की तपस्या से क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि आएगी।





















