दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। फतेहाबाद थाना पुलिस एवं सर्विलांस सेल पूर्वी जोन कमिश्नरेट आगरा की संयुक्त टीम ने लूट की घटना में शामिल एक फरार अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 हजार रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 7 मार्च 2026 को वादी ने थाना फतेहाबाद में तहरीर देकर बताया था कि 6 मार्च की शाम करीब 5:20 बजे वह अपने चाचा के साथ खेत का बैनामा कराकर तहसील फतेहाबाद से मोटरसाइकिल द्वारा घर लौट रहे थे।
रास्ते में अपाचे बाइक पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने हॉर्न देकर बाइक रुकवाई और मौका पाकर उनके चाचा के हाथ से रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। मामले में थाना फतेहाबाद पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
बुधवार को पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी अवंतीबाई तिराहे पर मौजूद है।
सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नरेश उर्फ रामनरेश पुत्र सोमवीर निवासी ग्राम गोरे की ठार महल बादशाही थाना बमरौली कटारा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 10 हजार रुपये बरामद हुए।
पुलिस ने बताया कि इससे पहले 11 मार्च 2026 को इस प्रकरण में शामिल तीन अन्य अभियुक्तों वेद प्रकाश, श्याम सिंह और रविंद्र को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी तरुण धीमान, निरीक्षक राजवीर सिंह, सर्विलांस सेल के सचिन कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।





















