दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। मार्च और अप्रैल माह का वेतन अब तक जारी न होने से नाराज राष्ट्रीय स्वास्थ्य संविदा कर्मचारी संघ आगरा के कर्मचारियों ने सोमवार को सीएचसी फतेहाबाद सहित पूरे जिले में काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया।
कर्मचारियों का कहना है कि मई माह भी समाप्ति की ओर है, लेकिन अभी तक दो माह का वेतन नहीं मिला है, जिससे आर्थिक संकट गहराता जा रहा है।
संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. महेंद्र यादव ने बताया कि संविदा कर्मचारियों को लगातार उपेक्षा का सामना करना पड़ रहा है।
समय से वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों के सामने परिवार चलाने तक की समस्या खड़ी हो गई है। उन्होंने कहा कि कई बार अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।
उन्होंने बताया कि 18 मई से 20 मई तक जिलेभर में सभी संविदा कर्मचारी काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज करा रहे हैं। यदि इसके बाद भी वेतन जारी नहीं किया गया तो 21 मई को सामूहिक हड़ताल की जाएगी।
सीएचसी फतेहाबाद पर कर्मचारियों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया और शासन-प्रशासन से जल्द वेतन भुगतान की मांग उठाई। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।





















