दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना क्षेत्र के गांव बमरौली में संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलसी विवाहिता की सोमवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई।
पीहर पक्ष ने ससुरालियों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बमरौली निवासी माला पत्नी सत्यवीर की शादी करीब साढ़े तीन माह पूर्व हुई थी। शुक्रवार दोपहर वह संदिग्ध परिस्थितियों में आग से गंभीर रूप से झुलस गई थी। परिजन उसे उपचार के लिए आगरा के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई।
मृतका के भाई सोमवीर निवासी आसेकापुरा पिडौरा ने थाना फतेहाबाद में दी तहरीर में आरोप लगाया कि दहेज की मांग को लेकर माला को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
आरोप है कि पति सत्यवीर, जेठ परशुराम, वृंदावन, रामगोपाल तथा जिठानी आरती और निरमा ने मिलकर माला पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















