दैनिक जिला नगर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक्सप्रेसवे के किनारे अचानक भीषण आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने सूखी घास और झाड़ियों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में धुएं का गुबार फैल गया। घटना एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 22 के पास की है।सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी राधामोहन द्विवेदी फायर ब्रिगेड टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
दमकल कर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।आग लगने के दौरान एक्सप्रेसवे से गुजर रहे वाहन चालकों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल रहा।
हालांकि पुलिस व यूपीडा कर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित रखते हुए यातायात प्रभावित नहीं होने दिया। प्रारंभिक आशंका है कि सूखी घास में किसी चिंगारी के कारण आग लगी होगी। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।





















