दैनिक जिला नजर संवाददात
फतेहाबाद/आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक चलती स्कॉर्पियो में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि चालक और वाहन स्वामी समय रहते वाहन से बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही थाना डौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार दिनांक 12 मई 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे पीआरबी को सूचना मिली कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक कार में आग लग गई है। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष सुनीत शर्मा डौकी पुलिस फोर्स के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर जानकारी की गई तो पता चला कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के 15 किलोमीटर RHS पर स्कॉर्पियो वाहन संख्या UP94J9575 में अचानक आग लग गई थी। वाहन चालक धर्मेंद्र पुत्र चंद्रपाल निवासी शाहपुर थाना पनकी, कानपुर एवं वाहन स्वामी अनिल पुत्र स्वर्गीय बीसी मिश्रा निवासी कल्याणपुरम, कानपुर सुरक्षित रूप से वाहन से बाहर निकल चुके थे।
वाहन स्वामी अनिल ने पुलिस को बताया कि टोल टैक्स से पहले ही स्कॉर्पियो के इंजन में तकनीकी खराबी आ रही थी, जिससे गाड़ी अधिक गर्म हो रही थी। कुछ ही देर बाद वाहन से धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए दोनों लोग तुरंत गाड़ी से उतर गए।
हालांकि वाहन में कुछ सरकारी दस्तावेज रह गए थे, जबकि अन्य कोई कीमती सामान मौजूद नहीं था। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कानून व्यवस्था संभाली।
आग लगने के कारण स्कॉर्पियो पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार मौके पर स्थिति सामान्य है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।





















