जिला नजर संवाददाता
हाथरस। चकबंदी विवाद से परेशान एक किसान ने शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर में आत्मदाह का प्रयास कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए किसान को बचा लिया।
जानकारी के अनुसार थाना सासनी क्षेत्र के नगला गढ़ू निवासी किसान देवेंद्र सिंह ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह का प्रयास किया।
किसान का आरोप है कि चकबंदी विभाग के एक अधिकारी द्वारा अनुपालन आदेश के नाम पर 20 हजार रुपये रिश्वत मांगी गई थी। किसान ने दावा किया कि उसने भैंस बेचकर पैसे दिए, इसके बावजूद उसका काम नहीं किया गया।
घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर एवं चकबंदी विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीएम ने जांच के आदेश देते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।





















