जिले के हस्तशिल्पियों के लिए सुनहरा मौका, राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए 21 मई तक आमंत्रित आवेदन
जिला नजर संवाददाता
अलीगढ़। जिले के कुशल एवं अकुशल कारीगरों के लिए अच्छी खबर है। चालू वित्तीय वर्ष में एक जनपद एक उत्पाद योजना के अंतर्गत अलीगढ़ के प्रमुख उत्पाद लॉक्स एण्ड हार्डवेयर एवं मैटल हैंडीक्राफ्ट से जुड़े इच्छुक कारीगरों के लिए 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही निःशुल्क टूल किट उपलब्ध कराई जाएगी। प्रत्येक लाभार्थी को प्रशिक्षण अवधि में रुपया 2000 मानदेय भी सीधे उनके बैंक खाते में हस्तांतरित किया जाएगा।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय वेबसाइट msme.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए कार्यदिवस में जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, आईटीआई अलीगढ़ कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
इसी क्रम में जिले के हस्तशिल्पियों एवं उद्यमियों के लिए विशिष्ट हस्तशिल्प प्रादेशिक पुरस्कार योजना के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के अंतर्गत 20 राज्य हस्तशिल्प पुरस्कार एवं 20 दक्षता हस्तशिल्प पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए मंडल स्तर पर चयनित कलाकृतियों को राज्य स्तर पर भेजा जाएगा।
पुरस्कार के लिए आवेदन करने वाले हस्तशिल्पियों के पास हस्तशिल्प विकास आयुक्त, वस्त्र मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जारी पहचान पत्र होना आवश्यक है। साथ ही यह प्रमाण पत्र भी देना होगा कि कलाकृति स्वयं निर्मित है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बाजार से खरीदी गई कलाकृतियों को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आवेदन पत्र एवं कलाकृतियां जमा करने की अंतिम तिथि 21 मई 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक हस्तशिल्पी समय से अपने आवेदन जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, आईटीआई अलीगढ़ में जमा कर सकते हैं।





















