दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। फतेहाबाद तहसील क्षेत्र के ग्राम धौर्रा में खेतों से हरे पेड़ काटे जाने का मामला सामने आया है। शुक्रवार को गांव के कई ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी फतेहाबाद स्वाति शर्मा को शिकायती पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया गया कि मौजा धौर्रा स्थित गाटा संख्या 6ख/0.5990 हेक्टेयर भूमि में शीशम, बबूल, बिलायती बबूल तथा अरूआ के करीब 30 हरे पेड़ खड़े थे। आरोप है कि बुधवार रात गांव के ही कुछ लोगों ने आरी से पेड़ों को काट दिया। इसके बाद गुरुवार को मौके पर जेसीबी भी चला दी गई, जिससे खेत की भूमि को भी नुकसान पहुंचा है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पूरी घटना की वीडियो उनके पास मौजूद है। जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो कटे हुए पेड़ों की लकड़ियां वहीं पड़ी मिलीं, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यशपाल सिंह, रूमाल सिंह, विनोद कुमार, योगेन्द्र और वीरेन्द्र निवासी धौर्रा ने जबरन पेड़ कटवाए हैं।

शिकायत करने वालों में सुरेश चंद धनगर, राजेन्द्र सिंह, दिनेश, अवधेश, सत्यप्रकाश, अचल सिंह सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी विशाल सिंह राठौर ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





















