जिला नजर संवाददाता
अलीगढ़। जिले में विकास परियोजनाओं से जुड़े शिलालेखों एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों के संरक्षण एवं सम्मानजनक रखरखाव को लेकर जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी कार्यदायी संस्थाएं, निकाय एवं संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करें कि विकास कार्यों से जुड़े शिलालेख, स्मृति पट्ट एवं सार्वजनिक संरचनाएं सुरक्षित एवं उचित स्थानों पर स्थापित रहें और उनका नियमित रखरखाव किया जाए।
जनहित की विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम के उपरांत शिला पट्टिकाओं को तत्काल यथास्थान स्थापित किया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं, नगर निकायों एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण के उपरांत शिलालेखों, सूचना पट्टों के संरक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिसंपत्तियां शासन की विकासात्मक प्रतिबद्धता का प्रतीक होती हैं और उनका सम्मानपूर्वक रखरखाव सुनिश्चित करना सभी संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि कई बार देखने में आता है कि लोकार्पण एवं शिलान्यास के उपरांत शिला पट्टिकाएं अस्थाई रूप से पड़ी रहती हैं, जिससे न केवल उनकी उपेक्षा होती है बल्कि जनप्रतिनिधियों एवं शासन की गरिमा भी प्रभावित होती है।
डीएम ने यह भी निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े स्थलों पर स्वच्छता, सुव्यवस्था एवं सौंदर्यीकरण के मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर वातावरण एवं सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। साथ ही भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को जवाबदेही तय करते हुए नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।





















