जिला नजर ब्यूरो
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड एवं उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए संचालित पुरस्कार योजनाओं के अंतर्गत जिले के पारंपरिक कारीगरों एवं उद्यमियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य माटीकला, माटी शिल्पकला एवं ग्रामोद्योग गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों को प्रोत्साहित करना है।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संजीदा बेगम ने बताया कि उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड की माटीकला पुरस्कार योजना के अंतर्गत केवल पारंपरिक माटीकला शिल्पी एवं उद्यमी ही आवेदन के पात्र होंगे। इच्छुक अभ्यर्थी बोर्ड के पोर्टल नचउंजपांसंइवंतकण्पद पर 13 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जिन उद्यमियों को पूर्व में मंडल स्तरीय माटीकला पुरस्कार प्राप्त हो चुका है, वे आगामी वर्षों में पुनः प्रतिभाग नहीं कर सकेंगे। साथ ही यदि किसी परिवार के सदस्य को राशन कार्ड अथवा कुटुंब रजिस्टर के आधार पर एक बार यह पुरस्कार मिल चुका है, तो उसी परिवार का अन्य सदस्य 10 वर्ष के अंतराल के बाद ही आवेदन के लिए पात्र होगा। पुरस्कार वितरण के दौरान प्रतिभागियों को अपने उत्पादित माटी उत्पादों एवं कलाकृतियों के मॉडल भौतिक रूप से प्रदर्शित करने होंगे।
इसी क्रम में उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की ग्रामोद्योग पुरस्कार योजना के तहत प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना के अंतर्गत वित्तपोषित इकाइयों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। ऐसी इकाइयां, जिन्होंने न्यूनतम पूंजी निवेश पर अधिकतम रोजगार उपलब्ध कराया हो और जो कम से कम तीन वर्ष पुरानी, वित्तपोषित एवं निरंतर संचालित हों, वे इस पुरस्कार योजना के लिए पात्र होंगी।
इच्छुक उद्यमी आवेदन पत्र कार्यालय जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, त्रिमूर्ति नगर, सुरक्षा विहार, बरौला बाईपास, अलीगढ़ से प्राप्त कर सकते हैं और 12 मई 2026 तक कार्यालय कार्यदिवस में जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी कार्यदिवस में जिला ग्रामोद्योग कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं अथवा दूरभाष नंबर 7408410755 एवं 9808146965 पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।





















