जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
अलीगढ़। भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित जनगणना-2026 के अंतर्गत शुरू की गई स्व-गणना प्रक्रिया का अलीगढ़ मण्डल में गुरुवार को औपचारिक शुभारंभ हुआ।
मण्डलायुक्त संगीता सिंह ने स्वयं ऑनलाइन प्रपत्र भरकर इस डिजिटल पहल की शुरुआत की। उन्होंने आधिकारिक पोर्टल स्व-गणना पोर्टल पर लॉगिन कर अपने परिवार से संबंधित सभी आवश्यक विवरण दर्ज किए और सफलतापूर्वक आवेदन सबमिट किया।
इस अवसर पर मण्डलायुक्त ने कहा कि भारत की जनगणना विश्व की सबसे बड़ी प्रशासनिक एवं सांख्यिकीय प्रक्रिया मानी जाती है।
इस बार इसे अधिक सरल, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्व-गणना सुविधा नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी है, क्योंकि अब लोग घर बैठे मोबाइल, लैपटॉप अथवा कंप्यूटर के माध्यम से सुरक्षित एवं गोपनीय तरीके से अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इससे गणना प्रक्रिया में तेजी आएगी और आंकड़ों की शुद्धता भी सुनिश्चित होगी।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा नागरिकों की सुविधा के लिए स्व-गणना पोर्टल निर्धारित अवधि तक खुला रहेगा, जहां परिवार प्रमुख अथवा कोई भी वयस्क सदस्य परिवार के सभी सदस्यों का विवरण ऑनलाइन भर सकता है।
इसमें परिवार की संरचना, शिक्षा, रोजगार, आवासीय स्थिति सहित अन्य आवश्यक सामाजिक-आर्थिक जानकारियां दर्ज की जाएंगी। इसके बाद गणनाकर्मी केवल सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करेंगे, जिससे लोगों का समय भी बचेगा।
मण्डलायुक्त ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना भर नहीं है, बल्कि यह देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, आवास, रोजगार और सार्वजनिक वितरण प्रणाली जैसी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण एवं संसाधनों के समुचित आवंटन में जनगणना के आंकड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सटीक आंकड़े सरकार को बेहतर नीतियां बनाने में मदद करते हैं।

उन्होंने अलीगढ़ मण्डल के सभी जिलों—अलीगढ़, एटा, हाथरस एवं कासगंज—के नागरिकों से अपील की कि वे स्व-गणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें और समय सीमा के भीतर अपना विवरण ऑनलाइन अवश्य दर्ज करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही जनगणना अभियान सफल होगा और यही विकसित भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
मण्डलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्व-गणना प्रक्रिया के संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस डिजिटल सुविधा का लाभ उठा सकें। जिला स्तर पर प्रचार-प्रसार, हेल्प डेस्क एवं तकनीकी सहायता की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए, जिससे किसी भी नागरिक को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया के विजन को साकार करने में यह पहल मील का पत्थर साबित होगी और नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से जनगणना-2026 को सफल बनाया जा सकेगा।





















