जिला नजर संवाददाता
अलीगढ़। शहर को जाम मुक्त बनाने और जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर करने के लिए नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा के निर्देशन में प्रवर्तन दल ने मौलाना आजाद नगर से नगला पटवारी तक सड़कों के दोनों ओर कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जों को हटाया।
बुधवार को सहायक नगर आयुक्त के दिशा-निर्देश में चले इस अभियान के दौरान टीम ने सड़क और नालियों पर किए गए अतिक्रमणों को चिन्हित किया और जेसीबी मशीन की मदद से उन्हें हटवाया। मौके पर अवैध कब्जा करने वालों को सख्त चेतावनी दी गई, साथ ही कई लोगों से जुर्माना भी वसूला गया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे रखे सामान, फुटपाथ पर कब्जा और नालियों पर डाले गए स्लैब हटाए गए, जिससे जल निकासी में बाधा बन रहे अवरोधों को खत्म किया गया।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि जो लोग सड़क, फुटपाथ, नाले-नालियों पर अतिक्रमण किए हुए हैं, वे स्वयं तत्काल हटा लें। अन्यथा नगर निगम द्वारा सख्त कार्रवाई करते हुए सामान जब्त कर अतिक्रमण ध्वस्त किया जाएगा और जुर्माना भी वसूला जाएगा।
नगर निगम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया, वहीं आम लोगों ने इसे शहर की व्यवस्था सुधारने की दिशा में जरूरी कदम बताया।





















