दैनिक जिला नज़र संवाददाता
फतेहपुर सीकरी/आगरा। फतेहपुर सीकरी के दूरा गांव में बिजली विभाग द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों की समस्याओं को लेकर सोमवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन देखने को मिला।
दुर्वासा जन कल्याण समिति के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित कर बिजली विभाग के खिलाफ अपना आक्रोश प्रकट किया। धरने में बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं एवं युवा शामिल हुए और स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं को लेकर जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि स्मार्ट मीटरों के कारण उपभोक्ताओं को अत्यधिक बिजली बिल का सामना करना पड़ रहा है, जबकि मीटर रीडिंग की पारदर्शिता भी नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि मेहनत-मजदूरी और खेती से जीवन यापन करने वाले गरीब परिवारों पर इसका सीधा आर्थिक बोझ पड़ रहा है, जिससे उनके सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
धरने के दौरान समिति के पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक स्मार्ट मीटर की खामियों को दूर नहीं किया जाएगा और उपभोक्ताओं को राहत नहीं दी जाएगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस अवसर पर 9 सूत्रीय मांगों को लेकर एक ज्ञापन तैयार किया गया, जिसे बिजली विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति में नायब तहसीलदार को सौंपा गया। ज्ञापन में मुख्य रूप से स्मार्ट मीटर की जांच, मनमाने बिलों पर रोक, पुराने मीटरों की बहाली, उपभोक्ताओं को विस्तृत स्टेटमेंट उपलब्ध कराने, तथा गरीब वर्ग के लिए विशेष राहत की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा धरना-प्रदर्शन के दौरान समिति के पदाधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सभी ने एक स्वर में कहा कि यह आंदोलन आम जनता के अधिकारों की लड़ाई है और इसे किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने दिया जाएगा।
इस मौके पर शमिति के प्रबंधक राजकुमार चौहान,विपिन अग्रवाल, विराट कहरवार, विनोद शर्मा, साहब सिंह, सुभाष उप्रेती, मास्टर हरिसिंह, शिवदयाल, शिवशंकर आर्य, गिर्राज सिंह, भगवान सिंह, राहुल कहरवार, हुकुम सिंह, विष्णु राजपूत, शिवराम ठेकेदार, शिवसिंह राजपूत, गौरव, अमरी राजपूत, हरिशंकर फौजी, मुन्ना उप्रेती के अलावा सैकड़ो ग्रामीण उपस्थित हुए। राजस्व विभाग व दूरा चौकी इंचार्ज उदयवीर सिंह पुलिस बल के साथ उपस्थित हुए।





















