जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
अलीगढ़। शहर में विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है।
इसी क्रम में नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने सोमवार को वार्ड संख्या-2 केवल विहार क्षेत्र में करीब 45 लाख रुपये की लागत से बनी आरसीसी सड़क का मौके पर निरीक्षण किया।
यह सड़क महज पांच माह पहले ही बनाई गई थी, लेकिन शिकायत मिलने पर जब जांच की गई तो निर्माण की गुणवत्ता बेहद खराब पाई गई।

जनसुनवाई के दौरान स्थानीय नागरिकों ने शिकायत की थी कि 455 मीटर लंबी सड़क कुछ ही महीनों में जगह-जगह से उखड़ने लगी है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा स्वयं अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और भौतिक सत्यापन किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी, परतें उखड़ रही थीं और सतह पर दरारें साफ नजर आ रही थीं। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि क्षेत्र में जलभराव की समस्या बनी रहती है और सीवर पंप समय से संचालित न होने के कारण सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे नुकसान और तेजी से हुआ।
नगर आयुक्त ने मौके पर मौजूद अवर अभियंता से जवाब तलब करते हुए कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने साफ कहा कि नगर निगम के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया सामग्री का उपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
तत्काल कार्रवाई करते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित ठेकेदार मेसर्स दीप एसोसिएट के खिलाफ सख्त कदम उठाए। ठेकेदार का अनुबंध निरस्त करने, उसे ब्लैकलिस्ट करने और अपने खर्च पर पूरी 455 मीटर सड़क को दोबारा तोड़कर नए सिरे से गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने के निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में किसी भी निर्माण कार्य में लापरवाही पाई गई तो संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि नगर निगम अब गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करेगा और जनहित से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।





















