दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। क्षेत्र के गांव अहीरपुरा में गुरुवार देर रात एक परचून की दुकान में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग की इस घटना में दुकान में रखा नकद, फ्रिज, फर्नीचर व राशन सामग्री समेत हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गुरुवार देर रात वहां से गुजर रहे राहगीरों ने दुकान से धुआं उठता देखा। उन्होंने तत्काल दुकान स्वामी शंकर पुत्र भूरी सिंह को सूचना दी। सूचना मिलते ही शंकर मौके पर पहुंचे और शोर मचाया, जिससे आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए।
ग्रामीणों ने बाल्टियों, पाइप और अन्य साधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जल चुका था।
दुकान स्वामी शंकर के अनुसार, आग में करीब 12 हजार रुपये नकद, फ्रिज, फर्नीचर व अन्य सामान नष्ट हो गया। उन्होंने लगभग एक लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आग आसपास के मकानों और दुकानों तक फैल सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।





















