दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। निबोहरा क्षेत्र के गांव कान्हापुरा के पास गुरुवार रात नहर की पटरी कटने से गांव में हड़कंप मच गया। नहर का पानी तेजी से गांव की ओर बढ़ता देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी फैल गई और लोग मौके पर जुट गए।
शुक्रवार सुबह सूचना मिलते ही नहर विभाग की टीम अमीन राजेंद्र सिंह बघेल के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पटरी की मरम्मत कराई। टीम की तत्परता से समय रहते पटरी को दुरुस्त कर दिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
नहर का पानी फैलने से करीब 15 बीघा जमीन पर जलभराव हो गया। हालांकि इस समय खेतों में कोई फसल नहीं थी, जिससे किसानों को बड़े आर्थिक नुकसान से राहत मिली। गनीमत रही कि पानी गांव के अंदर प्रवेश नहीं कर सका, वरना स्थिति गंभीर हो सकती थी।
ग्रामीणों ने नहर विभाग से नियमित निगरानी और समय पर मरम्मत की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव हो सके।





















