जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
अलीगढ़। शुक्रवार की तपती दोपहर में नगर आयुक्त आईएएस प्रेम प्रकाश मीणा ने नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग व अर्बन कंपनी की टीम के साथ सूतमिल स्थित फल मंडी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यापारियों से संपत्ति कर और यूजर चार्ज के बकाया को लेकर कड़ी नाराजगी जताई।
नगर आयुक्त ने मौके पर मौजूद फल विक्रेताओं से पूछा कि पिछले करीब 5 वर्षों से लगभग 10 लाख रुपये का संपत्ति कर जमा क्यों नहीं किया गया, जबकि नगर निगम द्वारा नियमित रूप से कचरा उठाया जा रहा है। इसके साथ ही ढाई वर्षों से डोर-टू-डोर कचरा उठान के यूजर चार्ज का भुगतान भी नहीं किया गया है।
उन्होंने व्यापारियों से शहर की स्वच्छता में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि नगर निगम लगातार सेवाएं दे रहा है, लेकिन उसके बदले निर्धारित शुल्क का भुगतान न करना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा कई बार नोटिस दिए जा चुके हैं और करीब डेढ़ माह पहले अधिकारियों की अध्यक्षता में बैठक भी हुई थी, इसके बावजूद भुगतान नहीं किया गया।
निरीक्षण के दौरान व्यापारियों ने स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई और पेयजल आपूर्ति की समस्याएं भी उठाईं। इस पर नगर आयुक्त ने भरोसा दिलाया कि नगर निगम क्षेत्र में जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि करीब 30 से 35 दुकानदारों पर संपत्ति कर के रूप में लगभग 10 लाख रुपये बकाया हैं और यूजर चार्ज भी लंबे समय से जमा नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं के सुचारू संचालन के लिए कर और शुल्क का नियमित भुगतान आवश्यक है।
समस्याओं के समाधान और विस्तृत चर्चा के लिए नगर आयुक्त ने व्यापारियों को शनिवार दोपहर 12 बजे नगर निगम कार्यालय में बैठक के लिए आमंत्रित किया।





















