दैनिक जिला नज़र संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा: थाना क्षेत्र के ग्राम खंडेर तुस्सीपुरा में गुरुवार रात चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए एक ही रात में दो घरों को निशाना बनाया और नकदी समेत जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
पीड़ित दीपक पुत्र अजमेर सिंह ने बताया कि देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच चोर उनके बड़े भाई बबलू कुमार के घर में पीछे के रास्ते से घुस आए। चोर घर से करीब 10 हजार रुपये नकद, एक जोड़ी पायल और बक्सा उठाकर ले गए। बाद में बक्सा खेत में टूटा हुआ मिला।
इसी रात चोरों ने पास में रहने वाले अशोक सिंह के पुत्र रिंकू के घर को भी निशाना बनाया। यहां से करीब 40 हजार रुपये नकद, एक जोड़ी पायल, बच्चों के चांदी के छल्ले समेत अन्य सामान चोरी कर लिया गया। सुबह उठने पर घर का सामान बिखरा मिला, तब घटना की जानकारी हुई।
पीड़ितों ने थाना फतेहाबाद में तहरीर देकर पुलिस से जल्द खुलासा कर चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।























