जिला नज़र संवाददाता दिलशाद समीर
फतेहपुर सीकरी/आगरा। उस्मानी समाज के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक विकास को लेकर उस्मानी राष्ट्र मंच द्वारा शुक्रवार शाम एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक फतेहपुर सीकरी स्थित फतेहपुर रिसॉर्ट, सुआ का बाग में जुमे की नमाज के बाद सम्पन्न हुई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज में फैली कुरीतियों को समाप्त करना, आपसी एकता को मजबूत करना तथा नई पीढ़ी को शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए ठोस रणनीति तैयार करना रहा। कार्यक्रम में सामाजिक सुधार के तहत फिजूलखर्ची और गलत रस्मों-रिवाजों पर रोक लगाने पर विशेष चर्चा की गई।
इसके साथ ही बैठक में समाज के लोगों के बीच आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने और विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए विचार-विमर्श किया गया। मंच के पदाधिकारियों ने समाज के सभी जिम्मेदार लोगों से एकजुट होकर समाज के विकास में योगदान देने की अपील की।
इस संबंध में आयोजक रमजान उस्मानी ने बताया कि समाज के समग्र विकास के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं और इस प्रकार की बैठकें समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
बैठक में हाजी पीर बख्श, सूफी कमरुद्दीन शाह मुरादी उस्मानी, सभासद शकील उस्मानी, रमजान उस्मानी, शौकत उस्मानी, शब्बीर उस्मानी, शाकिर उस्मानी एवं रफीक उस्मानी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पंचायत का संचालन डॉ. एस.एस. खान द्वारा किया गया। कार्यक्रम का आयोजन रमजान उस्मानी (सबाना नगर अध्यक्ष) द्वारा किया गया।























