जिला नज़र संवाददाता दिलशाद समीर
फतेहपुर सीकरी/आगरा। कस्बे में संचालित निजी विद्यालयों द्वारा अभिभावकों से मनमानी वसूली करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूलों ने निजी बुक सेलर नियुक्त कर रखे हैं और विद्यार्थियों की किताबें केवल उन्हीं से खरीदने का दबाव बनाया जा रहा है।
अभिभावकों द्वारा लगाए गए आरोपों के अनुसार बुक सेलरों द्वारा भी निर्धारित पैकेज के तहत अभिभावकों से मोटी रकम वसूली जा रही है। इतना ही नहीं ड्रेस कोड भी लेकर कुछ प्रमुख स्कूलों द्वारा अपनी अपनी दुकानें नियुक्त की गई है।
इससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। जबकि जिलाधिकारी आगरा अरविंद मलप्पा बंगारी द्वारा स्कूलों की इस तरह की मनमानी के खिलाफ पहले ही सख्त रुख अपनाया जा चुका है।
स्थानीय अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि निजी स्कूलों की इस मनमानी पर रोक लगाई जाए और दोषी स्कूलों व बुक सेलरों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि अभिभावकों को राहत मिल सके।























