जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
अलीगढ़। स्मार्ट बिजली मीटर के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सासनी गेट बिजली घर पर महिलाओं और पुरुषों के साथ जोरदार प्रदर्शन करते हुए एसडीओ कार्यालय का घेराव किया।
महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोसी ने बताया कि पिछले कई दिनों से स्मार्ट मीटर के कारण जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि बिजली कटौती के चलते भीषण गर्मी में बच्चे और महिलाएं काफी दिक्कतों का सामना कर रहे हैं।
दुबे का पड़ाव, सासनी गेट, गांधी नगर सहित कई क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर के चलते बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायतें सामने आई हैं। जब स्थानीय लोग अपनी समस्या लेकर सासनी गेट बिजली घर पहुंचे तो उनकी सुनवाई नहीं हुई।
सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही अधिकारी कार्यालय छोड़कर चले गए। फोन पर संपर्क करने की कोशिश भी की गई, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

इस दौरान महानगर अध्यक्ष ने आह्वान किया कि शनिवार, 18 अप्रैल 2026 को सुबह 11 बजे लाल डिग्गी स्थित बिजली घर पर बड़ी संख्या में जनता के साथ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
जिला महासचिव मनोज यादव ने कहा कि सरकार ने स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता पर बोझ डाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये मीटर नहीं, बल्कि “लूट मीटर” हैं और आम जनता परेशान है।
इस मौके पर समाजवादी युवजन सभा महानगर अध्यक्ष आमिर आबिद, छात्र सभा प्रदेश सचिव अज़ीम अब्बासी, एससी-एसटी प्रकोष्ठ महानगर अध्यक्ष हरीश माहौर, महानगर उपाध्यक्ष सन्नी सारस्वत, सलामुद्दीन अब्बासी, मोनू कुमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।























