मथुरा जनपद में यमुना एक्सप्रेस-वे पर रविवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जब यात्रियों से भरी एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर सड़क के बीचोंबीच पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस नोएडा से दरभंगा जा रही थी, जिसमें करीब 100 यात्री सवार थे। यह हादसा नौहझील थाना क्षेत्र में माइल स्टोन 76 के पास हुआ।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। इस दुर्घटना में 31 यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें एम्बुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहझील में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद बस को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारु कर दिया गया है और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस तेज रफ्तार में थी और अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया, जिसके चलते यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।

























