• मुरैना जिला न्यायालय में तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित,• बीमा क्लेम सहित कई मामलों के निस्तारण पर हुई चर्चा
जिला नजर /ब्यूरो चीफ | मुरैना/मप्र।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार 14 मार्च 2026 को जिला न्यायालय परिसर मुरैना सहित तहसील विधिक सेवा समितियों अम्बाह, जौरा और सबलगढ़ में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस लोक अदालत में दीवानी, मोटर दुर्घटना दावा अभिकरण, बैंक, विद्युत तथा राजीनामा योग्य दाण्डिक लंबित मामलों के साथ-साथ प्रीलिटिगेशन प्रकरणों का निस्तारण आपसी सहमति के माध्यम से किया जाएगा।
नेशनल लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए शुक्रवार को प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती संगीता मदान की अध्यक्षता में जिला न्यायालय परिसर स्थित एडीआर भवन में बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीमा कंपनियों के शाखा प्रबंधकों, अधिवक्ताओं और आवेदकों के वकीलों के साथ क्लेम मामलों के अधिकाधिक निस्तारण पर चर्चा की गई।
बैठक में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश चन्द्रशेखर जायसवाल, दिनेश सिंह राणा, मयंक मोदी और कमलेश साहू सहित कई अधिवक्ता उपस्थित रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि 14 मार्च को आयोजित लोक अदालत में पहुंचकर अपने मामलों का आपसी समझौते से समाधान कर लाभ उठाएं।























