आगरा: यमुना की ओर से ताजमहल को सबसे ज्यादा खतरा है। खुफिया एजेंसियां भी इस बारे में अपनी रिपोर्ट दे चुकी हैं। यही कारण है कि ताजमहल की सुरक्षा के लिए अब यमुना में स्पीड बोट से पेट्रोलिंग की जाएगी।
इसके लिए पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके साथ ही एंटी ड्रोन सिस्टम ताज के हवाई क्षेत्र की सुरक्षा को मजबूती प्रदान करेगा। बृहस्पतिवार को स्पीड बोट रिवर पुलिस को मिल गई। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तानी ड्रोन सीमावर्ती इलाकों तक पहुंचे थे।
इस दरम्यान ताजमहल की सुरक्षा कई गुना बढ़ा दी गई है। खुफिया इनपुट के बाद यमुना की ओर से ताजमहल की सुरक्षा को ज्यादा मजबूत करने पर बल दिया जा रहा है। ताजमहल की सुरक्षा में जल पुलिस तैनात है, लेकिन उनके पास कुछ समय से स्टीमर नहीं थे। दो स्टीमर पुलिस विभाग के हैं, लेकिन वह अब किसी काम के नहीं रह गए हैं। दोनों स्टीमर को मरम्मत के लिए मनेसर तक भेजा गया था, लेकिन उनकी मरम्मत नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस विभाग ने स्पीड बोट की डिमांड भेजी थी।
इसके अलावा हवाई क्षेत्र से सुरक्षा को मजबूत करने के लिए काफी समय से एंटी ड्रोन सिस्टम की डिमांड की जा रही थी। बृहस्पतिवार को दोनों ही आगरा पुलिस को मिल गए। हाल में अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस के ताजमहल भ्रमण के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने ताज पर एंटी ड्रोन सिस्टम की डिमांड की थी। इस पर यह सिस्टम मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि से मंगाया गया था।
अब ताजमहल में इस सिस्टम को जल्द लगाया जाएगा। हाल में एडीजी सुरक्षा रघुबीर लाल ने ताज की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया था। एसीपी ताज सुरक्षा सैयद अरीब अहमद ने बताया कि स्पीड बोट के संचालन के लिए पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण के बाद ही तैनात किया जाएगा। इसी तरह एंटी ड्रोन सिस्टम के लिए भी स्थायी ड्यूटी रहेगी। इसका भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।























